पिथौरागढ़। तहसीलदार के आश्वासन पर लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किला रखने की मांग को लेकर भूख हड़ताल की चेतावनी देने वाले बंदी मान गए। इस दौरान बंदियों ने तहसीलदार से वॉटर फिल्टर और एक दीवार घड़ी लगाने की मांग की।
लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किला रखने की मांग के समर्थन में पिथौरागढ़ बंदीगृह के 30 बंदियों ने सोमवार को भूख हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी थी। इस चेतावनी के बाद तहसीलदार केएस धौनी सोमवार की सुबह बंदीगृह पहुंचे। उन्होंने बंदियों को मांग पत्र को जिलाधिकारी को सौंपने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी बंदियों ने भूख हड़ताल की चेतावनी वापस ले ली। तहसीलदार ने बताया कि आश्वासन के बाद सभी बंदियों ने भोजन कर लिया है। बंदियों ने बंदीगृह में एक वॉटर फिल्टर और दीवार घड़ी लगाने की मांग भी की है। इन मांगों को लेकर बंदियों को आश्वासन दिया गया है। इस अवसर पर उनके साथ एलआईयू कर्मी भी मौजूद थे।