पिथौरागढ़। गुरना के ग्रामीणों ने लिंक मार्ग और जिला पंचायत के डाकबंगला भूमि पर हुए अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदांडे को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि गांव के मध्य से पूर्व में टनकपुर-धारचूला पैदल मार्ग था जिस पर घोड़ों का आवागमन रहता था। लोनिवि ने वर्ष 2007 में इसमें डामरीकरण किया था। कहा है कि आज उक्त मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। इसके अलावा उन्होंने कहा है कि ग्राम सभा के अंतर्गत जिला पंचायत का डाकबंगला परिसर है जो कि अंग्रेजों के समय बना था। कहा है कि कुछ राजनीतिक लोगों द्वारा निहित स्वार्थ के चलते ग्रामीणों को विश्वास में लिया कि इसका सौंदर्यीकरण कर बारात घर बनाया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा है कि वर्तमान में न बारात घर बना और न ही बंगला बचा। आज स्थिति यह है कि बंगला परिसर की घेराबंदी न होने से इसमें अतिक्रमण कर कुछ लोगों ने रेेता, बजरी रखने का स्थान बना दिया है। कहा है कि इसकी शिकायत जिला पंचायत से भी की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को पेयजल मंत्री के समक्ष भी उठाया गया बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जिलाधिकारी से अतिक्रमण से निजात दिलाने की मांग उठाई है। ज्ञापन में प्रधान मोहिनी, नलिन कुमार, किशोर भट्ट, बसंत बल्लभ भट्ट, पूर्व प्रधान भागीरथी, जानकी भट्ट, मोहनी आदि के हस्ताक्षर हैं।