डीडीहाट/धारचूला। सीमांत धारचूला के दूरस्थ जारा जिबली गांव में दिसंबर अंतिम सप्ताह में एक दिनी महोत्सव होगा।
महोत्सव के आयोजन को लेकर प्राथमिक स्कूल के शिक्षक रमेश चंद्र जोशी की उपस्थिति में क्षेत्र के गणमान्य लोगों की बैठक हुई। इसमें महोत्सव का आयोजन दिसंबर अंतिम सप्ताह में करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर महोत्सव समिति का गठन किया गया। आनंद धामी को अध्यक्ष, रूप सिंह को उपाध्यक्ष, प्रहलाद सिंह, भीम सिंह धामी को सचिव, सरपंच भगत सिंह को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
गांव के प्रधान, उप प्रधान, वार्ड मेंबर को संरक्षण मंडल में रखा गया। तय किया गया कि एक दिनी महोत्सव में विद्यालयी कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वरिष्ठ लोगों का सम्मान किया जाएगा। अध्यक्ष धामी ने कहा कि महोत्सव की तैयारियों के संबंध में शीघ्र ही बैठक कर चर्चा की जाएगी।