पिथौरागढ़। डीएम सी रविशंकर ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। उन्होंने यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए वाहनों की चेकिंग लगातार करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगरीय क्षेत्र का ट्रैफिक प्लान बनाना होगा। सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह पुलिस, परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर लगातार छापेमारी करें। वाहनों में ओवरलोडिंग की रोकथाम, मदिरा पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जहां-जहां दुर्घटनाओं की आशंका हैं, ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के व्यापक उपाय करें।
डीएम ने कहा कि जिन निर्माणाधीन सड़कों का कार्य पूरा हो गया है, उन सड़कों का संयुक्त निरीक्षण कर एक माह में यातायात की अनुमति प्राप्त कर ली जाए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि अक्तूबर तक विभाग ने यातायात नियमों के उल्लंघन में 18 लाख 71 हजार 350 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले हैं। बताया गया कि नगर में 41 सीसीटीवी में से 35 कैमरे सुचारु हैं। शेष 6 कैमरे एक सप्ताह में ठीक करने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए हैं।