बंगापानी/पिथौरागढ़। बंगापानी तहसील में जुलाई में हुए फसलों के नुकसान का अब तक किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाया है। किसानों ने तहसीलदार मनोहर दत्त अवस्थी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर मुआवजा देने और किसानों के ऋण माफ करने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा है कि जुलाई में अतिवृष्टि के कारण फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा। फसल मलबे में दब गई। किसानों के पास बीज लायक भी फसल नहीं बची। फसल का नुकसान होने से खाद्यान्न संकट पैदा हो गया है। मलबे के कारण खेत कृषि योग्य नहीं बचे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता उमेश धामी ने कहा कि भुखमरी की कगार पर पहुंचे किसानों को फसलों का मुआवजा देने के साथ ही कृषि और फसली ऋण माफ किए जाने चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में हुकुम सिंह धामी, बहादुर सिंह कोरंगा, प्रकाश गोस्वामी, जीवन सिंह, हरीश कुमार, राजीव गोस्वामी, विजय सिंह, विजय कुमार, डिगर राम, विक्रम सिंह, मोहन सिंह आदि शामिल थे।