डीडीहाट (पिथौरागढ़)। गर्खा में आयोजित मनमोहन सिंह स्मृति वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला ओगला वॉलीबाल क्लब ने गर्खा को हराकर जीत लिया।
रायल थोकदार स्पोर्ट्स क्लब मझेड़ा के तत्वाधान में आयोजित फाइनल मुकाबले में ओगला ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 15-10, 15-4,15-0 से गर्खा को हराया। बेस्ट प्लेयर पंकज जिमिवाल, बेस्ट स्मैसर बादशाह सिद्धू, बेस्ट बूस्टर रुद्रा कन्याल को दिया गया। फाइनल के मुख्य अतिथि एडीएम आरडी पालीवाल ने विजेता, उप विजेता टीम और खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे।
निर्णायक की भूमिका में निकेश कन्याल, भुवन जोशी थे। प्रतियोगिता के संयोजक देवराज कन्याल ने विजेता टीम को 15 हजार और उपविजेता टीम को सात हजार की नकद धनराशि दी। वहीं, डीडीहाट में चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता में ग्रीन सिटी और एनवाईसी हाट की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।