पिथौरागढ़। नगर में विद्युत और सफाई व्यवस्था चरमराने का आरोप लगाते हुए नगरपालिका के निवर्तमान सभासदों ने पालिका परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह पालिका में धरना देंगे।
निवर्तमान सभासद शनिवार को कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि पालिका बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हुए चार माह हो गए हैं। इस बीच सभी वार्डों में विद्युत और सफाई व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा गई है। हर वार्ड में करीब 60-70 विद्युत पोल लाइटें खराब पड़ी हैं।
वार्डों में जगह-जगह नालियां, रास्ते, दीवारें क्षतिग्रस्त हैं। इससे लोगों को रात में आवागमन में दिक्कत हो रही है। कहा कि वर्तमान में जनता को सुविधा मुहैया कराने को कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में भुवन जोशी, दिनेश सौन, विजेंद्र महर, ललित पुनेड़ा, चंद्रशेखर मखौलिया, विक्रम वाल्मीकि, केदार लुंठी, पवन माहरा, सुबोध बिष्ट आदि थे।