मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मौसम विभाग के 48 घंटे के अलर्ट को देखते हुए मुनस्यारी के आपदा प्रभावित गांव के लोग सहमे हैं। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश ने इनकी चिंताएं और बढ़ा दी हैं। खतरे को देखते हुए तल्ला हरकोट में चार परिवारों ने घर छोड़कर टेंट में शरण ली है।
जुलाई प्रथम सप्ताह में आपदा ने सीमांत वासियों को जो घाव दिए थे, वे अभी भरे नहीं हैं। अब 48 घंटे के अलर्ट ने एक बार फिर प्रभावितों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार रात से हो रही बारिश से तल्ला हरकोट निवासी जानकी देवी सहित चार परिवारों ने एहतियातन घर छोड़कर टेंट का सहारा लिया है।
घोरपट्टा से डाडाधार तक बना मार्ग मर्तोलीबाड़ा के पास टूट गया है। ग्राम फाफा में बिशन सिंह पुत्र प्रेम सिंह का आवासीय भवन बारिश से टूट गया है। मंटेना के प्रकाश जेष्ठा का कहना है कि इस आपदाकाल में बारिश के कारण खतरे में आ चुके आवासीय भवनों को बचा पाना मुश्किल होगा। रांथी निवासी गोविंद राम का कहना है कि बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे हो रहे खतरे से निपटने की आवश्यकता है।