पिथौरागढ़। प्रशासन की सुस्ती और जनता में जागरूकता के अभाव में चंद्रभागा नदी गंदे नाले में तब्दील हो गई है। पालिका ने इस नाले की सफाई के दौरान 70 क्विंटल कचरा निकाला है। इसके साथ ही नदी में सीवर बहाने के पांच मामले भी पकड़े हैैं। इन लोगों को नोटिस जारी किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को एसडीएम संतोष कुमार पांडेय के नेतृत्व में पालिका की टीम ने चंद्रभागा में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान ऐंचोली पुल के आसपास की गंदगी साफ की गई। दिनभर चले अभियान में नाले से 70 क्विंटल कचरा निकला। इस कचरे को डंपर में भरकर नैनीपातल कूड़ा डंपिंग जोन में फेंका गया। सफाई अभियान के दौरान टीम में पांच घरों से सीवर नालों में प्रवाहित करते पकड़े।
मौके पर सीवर निकासी बंद करने के साथ ही मकान मालिकों को हिदायत दी गई। एसडीएम ने बताया कि इसके साथ ही नगर क्षेत्र के रई समेत अन्य नाले और नालियों की भी सफाई की जाएगी। इसमें पालिका में शामिल होने वाले दौला, नेड़ा, धनौड़ा, बस्ते, ऐंचोली, सिकराड़ी गांव भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नाले में सीवर बहाने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे।