पिथौरागढ़। जनपद को 30 स्थायी चिकित्सकों की नियुक्ति के रूप में एक बड़ी सौगात मिली है। शासन ने जिले में इन चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। नवनियुक्त चिकित्सकों में से 15 ने जिले के अलग-अलग अस्पतालों मेें कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। इससे चिकित्सकों की भारी कमी से जूझ रहे सीमांत जिले को काफी राहत मिली है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन डॉक्टरों की नियुक्ति लोक सेवा आयोग के माध्यम से हुई है। नवनियुुक्त चिकित्सकों में से 15 ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इनको जिले के अलग-अलग 11 चिकित्सालयों में तैनाती दी गई है। विभाग के अनुसार बड़ालू, बड़ावे, इग्यारदेवी, डीडीहाट, बेड़ीनाग, मुवानी, खुमती, मदकोट, कनालीछीना स्वास्थ्य केंद्रों में एक-एक, मूनाकोट में दो चिकित्सकों को तैनाती मिली है।
जिले में सबसे ज्यादा चार चिकित्सक संयुक्त अस्पताल धारचूला को मिले हैं। यहां स्वीकृत नौ चिकित्सकों के पद में से छह खाली चल रहे थे। विभाग के अनुसार नए चिकित्सकों की तैनाती ज्यादा समस्याग्रस्त स्वास्थ्य केंद्रों में की जा रही है। बता दें कि पिथौरागढ़ जिले में चिकित्सकों के 182 पद स्वीकृत हैं, इनमें 121 चिकित्सकों के पद खाली चल रहे थे। नए चिकित्सकों की तैनाती के बाद रिक्तियों की संख्या घटकर 91 हो जाएगी।
किसकी कहां हुई है तैनाती
-डॉ. कर्णिका पंत -प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ालू, डॉ. अंजू गिरी- अति. प्रा. स्वा. केंद्र, बड़ावे, डॉ. राहुल गोथवाल- प्रा. स्वा. केंद्र इग्यारदेवी, डॉ. नुजहत जहीन- सामुु. स्वा. केंद्र डीडीहाट, डॉ. देवेश कुमार- सामु. स्वा. केंद्र बेड़ीनाग, डॉ. मयंक चंद- अति. प्रा. स्वा. केंद्र मुवानी,डॉ. सौरभ गंगवार -अति. प्रा. स्वा. केंद्र खुुमती, डॉ. दिनेश चंदौला- सामुु. स्वा. केंद्र मदकोट, डॉ. विनोद कुमार. प्रा. स्वा. केंद्र कनालीछीना, डॉ. मोहम्मद इमरान .प्रा. स्वा. केंद्र मूनाकोट, डॉ. कैलाश चंद्र. प्रा. स्वा. केंद्र मूनाकोट, डॉ. फुरकान मिकरानी- संयुक्त अस्पताल धारचूला, डॉ. नौनिहाल सिंह - संयुक्त अस्पताल धारचूला, डॉ. अंजू कुमारी- संयुक्त अस्पताल, धारचूला, डॉ.अमीर आलम संयुक्त अस्पताल धारचूला
पूरी हुई सीएम की घोषणा
14 अप्रैल को पिथौरागढ़ दौरे पर आए सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दो सप्ताह के भीतर जिले को 30 चिकित्सक देने की घोषणा की थी। शासन से चिकित्सकों की तैनाती आदेश जारी होने के साथ ही यह घोषणा पूरी हो गई है। वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने चिकित्सकों की तैनाती पर सीएम का आभार जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई नियुक्तियों से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।