पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के कूड़े के निस्तारण के लिए जेनेवा स्वीटजरलैंड की कंपनी ने रिसाइकिल प्लांट लगाने की इच्छा जाहिर की है। कंपनी ने प्लांट लगाने के लिए डीएम को पत्र भेजा है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप के पूर्व चेयरमैन चंद्रशेखर तिवारी, अनमोल फिल्म प्रोडक्शन के प्रोडक्शन मैनेजर जगजीवन कन्याल, उत्तराखंडी फिल्म अभिनेता, निर्देशक अशोक मल्ल, पिथौरागढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष शमशेर महर की पहल पर जेनेवा की कंपनी प्लांट लगाने के लिए तैयार हुई है। सोमवार को एडीएम मो. नासिर से मिले व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने जेनेवा की डू ग्रांड माटफ्लेरी कंपनी का डीएम को संबोधित पत्र सौंपा। कंपनी ने जिला प्रशासन से प्लांट लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष शमशेर महर ने कहा प्लांट लगने के बाद पिथौरागढ़ शहर के कूड़े से निजात मिलेगी। कूड़े से उपयोगी सामान बनाया जाएगा। पिथौरागढ़ शहर से रोज करीब 10 टन कूड़ा निकलता है। शहर के कूड़े का निस्तारण नैनीपातल स्थित डंपिंग जोन में किया जाता है। नैनीपातल में कूड़ा फेंकने पर स्थानीय लोगों को ऐतराज है। एडीएम से मिलने वालों में व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष मनीष चौधरी, संयुक्त सचिव दिनेश कापड़ी, बेरोजगार संगठन के दीनू कापड़ी, पूर्व सैनिक समिति के अध्यक्ष दान सिंह वल्दिया आदि थे। एडीएम ने कहा है कि डीएम के अवकाश से लौटने के बाद जमीन आवंटन का निर्णय लिया जाएगा।