पिथौरागढ़। सेना दिवस पर इस बार ‘अपने सशस्त्र बल को जानें’ कार्यक्रम आयोजित होगा। सेना दिवस हर साल प्रथम फील्ड मार्शल केएम करियप्पा की याद में मनाया जाता है।
भारत सरकार के पत्र सूचना कार्यालय रक्षा शाखा की ओर से इस संबंध में जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि 1949 में जनरल करियप्पा ने सर फ्रांसिस बूचर से कमांडर इन चीफ का पद ग्रहण किया था। सेना दिवस पर देश के उन बहादुर सैनिकों को याद किया जाता है, जिन्होंने देश की सेवा में अपना जीवन न्योछावर किया।
विज्ञप्ति के अनुसार सेना की मध्य कमान के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में 11 से 22 जनवरी तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, इसमें ‘अपने सशस्त्र बल को जानें’ मेले का आयोजन शामिल है। इस दौरान छह राज्यों के 26 शहरों में यह समारोह आयोजित किया जाएगा।
उत्तराखंड में यह समारोह ऋषिकेश, अल्मोड़ा, चौबटिया, धारचूला, पिथौरागढ़, रुड़की, जोशीमठ, देहरादून, रायवाला एवं हल्द्वानी में आयोजित होंगे। इन मेलों के दौरान अत्याधुनिक सैन्य हथियारों एवं उपकरणों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान सेना भर्ती की जानकारी के लिए काउंटर सहित चिकित्सा सुविधा शिविर एवं मिनी मैराथन का आयोजन किया जाएगा।