गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बागेश्वर जिले के गरुड़ के युवा साइकिल सवार प्रदीप राणा उत्तराखंड की प्रथम चरण की यात्रा में रविवार को अल्मोड़ा से 110 किमी की दूरी तय कर गंगोलीहाट पहुंचे। उनका हिमालयन ग्राम विकास समिति ने स्वागत किया।
18 वर्षीय प्रदीप ने यात्रा का वृतांत सुनाते हुए कहा कि 23 मई 2017 को देहरादून से यात्रा की शुरुआत कर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल, नागालैंड, तमिलनाडु, मेघालय, उड़ीसा, हिमाचल समेत 24 राज्यों का भ्रमण कर चुके है। बताया कि हिमाचल पहुंचने तक वह 17500 किमी की यात्रा कर देश में सबसे लंबी साइकिल यात्रा करने वाले महाराष्ट्र के संतोष ओली के 15222 का रिकार्ड तोड़ चुके हैं। गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने के लिए दस्तावेज प्रस्तुत करने की तैयारी कर रहे हैं। बताया कि यात्रा के दौरान तमाम तरह की कठिनाईयों का सामना करने के बावजूद वह लक्ष्य से पीछे नहीं हटे। उनकी यात्रा देहरादून में संपन्न होगी। हिमालयन ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट और समिति के कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी। प्रदीप सोमवार को थल के लिए रवाना हो गए।