धारचूला (पिथौरागढ़)। हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में विगत दिन विधायक हरीश धामी के साथ हुए प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर शनिवार को यहां के कांग्रेसियों ने जुलूस निकाला और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि सुशीला तिवारी अस्पताल की अव्यवस्थाओं की जांच होनी चाहिए। कहा गया कि इस मामले में सिर्फ एक पक्ष की कमियों को ही सामने लाया जा रहा है, जबकि विधायक के साथ अस्पताल कर्मियों ने जमकर अभद्रता की थी।
वरिष्ठ कांग्रेसी कैलाश रावत के नेतृत्व में एकत्रित कांग्रेसियों ने कहा कि विधायक धामी अपने क्षेत्र की एक बीमार महिला की मदद के लिए अस्पताल गए थे। आरोप लगाया कि वहां पर धामी और मरीज के तीमारदार के साथ अस्पताल के कर्मचारियों ने मारपीट की। एसडीएम आरके पांडे के माध्यम से राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि इस पूरे घटनाक्रम और परिस्थिति की जांच की जाए।
इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राम सिंह दानू, आन सिंह रोकाया, विजय फिरमाल, देवकृष्ण फकलियाल, नृप सिंह गर्ब्याल, लक्ष्मी रायपा, प्रेमा कुटियाल, मंजू रौंकली आदि थे। बाद में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला भी फूंका।