चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान 31 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
कार्यक्रम में रोजगार, सड़क निर्माण, पेयजल, भूमि संबंधी मामलों, सोलर स्ट्रीट लाइट और पूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। डीएम ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम मंगोली के विनोद कुमार ने रोजगार, मुड़ियानी के रूप देव जोशी ने क्षेत्र में दीवार और रास्ता निर्माण, मंगोली के अनिल बोहरा और अन्य ग्रामवासियों ने सिरतोली से मंगोली तक मोटर मार्ग निर्माण, नीड़ तल्ली की खीमा देवी ने श्रवण बाधिता के कारण आर्थिक सहायता और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने, गुर्जिला पाली के जगदीश चंद्र पांडेय ने जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए तारबाड़ लगाने और खलकड़िया की भावना खर्कवाल ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने की मांग रखी। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।