ऋषिकेश एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले युवक के खिलाफ बेड़ीनाग में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
बुधवार को बेड़ीनाग निवासी युवक की तहरीर पर पुलिस ने खटीमा निवासी दिलीप चंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई विजय नेगी बताया आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि
बेड़ीनाग के प्रभारी थानाध्यक्ष एसआई विजय नेगी ने बताया खटीमा निवासी दिलीप चंद ने बेड़ीनाग के एक युवक को एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए। उसने एम्स में नियुक्ति का फर्जी प्रमाण पत्र थमा दिया।
युवक को फर्जी प्रमाण पत्र होने की जानकारी तब मिली, जब वो नियुक्ति पत्र लेकर ऋषिकेश एम्स में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा। नियुक्ति पत्र के फर्जी होने की जानकारी मिलने पर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। युवक ने बेड़ीनाग पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। एसआई ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी।
पहले भी हो चुकी हैं तीन गिरफ्तारियां
ऋषिकेश एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर इससे पूर्व पिथौरागढ़ कोतवाली में भी मुकदमे दर्ज हो चुुके हैं। इस मामले में पुलिस तीन ठगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पिथौरागढ़ में सबसे अधिक ठगी का शिकार कनालीछीना विकासखंड के युवक-युवतियां हुए हैं। अभी और भी मामलों के सामने आने की संभावना है।