पिथौरागढ़। शेयर मार्केट में रुपये लगाने के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी की लाखों रुपये की संपत्ति की थाना जाजरदेवल पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद कुर्की कर दी है। पुलिस ने ठगी के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
सिलपाटा निवासी जगदीश पुनेठा पर लोगों ने शेयर बाजार के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शेयर मार्केट के नाम पर ज्यादा लाभांश देने का झांसा देकर निवेशकों से करोड़ों रुपये हड़पने पर जाजरदेवल थाने में धारा-420/406/504/506 और तीन यूपीआईडी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया था। थानाध्यक्ष जाजरदेवल कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धारा- 83 सीआरपीसी के तहत आरोपी की संपत्ति की कुर्की की। पुलिस टीम ने जगदीश पुनेठा निवासी सिमलगैर बाजार के मात्र छाया आभूषण और जेपी इंटरप्राइजेज, जेपी फेशन वर्ल्ड पर गवाहों के समक्ष कुर्की की कार्रवाई की। एसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि ठगी का आरोप जगदीश पुनेठा गिरफ्तारी के लिए बार-बार ठिकाने बदल रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।