धारचूला (पिथौरागढ़)। भारत आने की इच्छा जता रहे नेपाल के छात्र, बीमार और मजदूरों के अनुरोध पर भारत ने झूलापुल के गेट खोले। इस दौरान झूलापुल से 234 लोगों ने आवागमन किया।
नेपाल के दत्तू निवासी मानसिक रोगी मान सिंह सहित भारत में पढ़ने वाले कुछ छात्रों और मजदूरों ने भारत आने के लिए अनुरोध पत्र दिया था। दोनों प्रशासनों की सहमति से बृहस्पतिवार को दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तीन घंटे के लिए धारचूला का झूला पुल खोला गया।
इस दौरान झूला पुल से कुल 234 लोगों की आवाजाही हुई। पुल खुलने से नेपाल से आए लोगों ने भारतीय बाजार से दैनिक सामग्री की जमकर खरीदारी भी की। नेपाल के अधिकतर लोग बाजार से दीपावली का सामान भी खरीदकर ले गए।
नेपाल से आए मानसिक रोगी मान सिंह के परिजनों ने पुल खुलने पर दोनों देशों के प्रशासन का आभार प्रकट किया। 11वीं वाहिनी एसएसबी के इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह के नेतृत्व में जवानों ने आवाजाही करने वाले लोगों के कागजातों और सामान की जांच की।
नेपाल की ओर से पुल इंचार्ज पुलिस के एसआई मदन धामी के नेतृत्व में जवानों ने भारत से जाने वाले लोगों के सामान की चेकिंग की। झूलापुल में मेडिकल टीम ने नेपाल से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। पुल खुलने के दौरान पेशकार खीमानंद भट्ट, पटवारी हुकुम धामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।