पिथौरागढ़। सड़क के लिए परेशान दियूड़ी के ग्रामीणों ने प्रशासन के आश्वासन पर रोड नहीं तो वोट नहीं का एलान स्थगित कर दिया है।
दिगतोली-दियूड़ी-चंडिकाघाट 19 किमी लंबे सड़क निर्माण में विलंब से ग्रामीण आक्रोशित है। उन्होंने खुद की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए लोकसभा चुनाव में रोड नहीं तो वोट नहीं की चेतावनी दी थी। सोमवार को उप जिलाधिकारी तुषार सैनी पट्टी पटवारी दिगंबर सिंह खोलिया और लोनिवि के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रधान रेखा देवी ने बताया कि उप जिलाधिकारी ने मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को पूर्ण कराने और दिगतोली से दियूड़ी तक शीघ्र वाहनों का संचालन कराने का आश्वासन दिया है।
उपजिलाधिकारी ने लोनिवि अधिकारियों को सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की और लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान में हिस्सा लेने का अनुरोध किया। इस मौके पर नारायण चंद, गणेश चंद, कैलाश सिंह, प्रेम सिंह, शिव सिंह, मोती चंद, सुरेश राम, दामू राम, राजेंद्र सिंह, रमेश सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।