मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। आपदा के दौरान जुलाई से बंद पड़ी मदकोट-झापुलि सड़क से लोनिवि ने मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। लोनिवि की ओर से मलबे को सड़क से नीचे की ओर डाला जा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
हालांकि, लंबे समय से बंद पड़ी सड़क को खोलने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, लेकिन सड़क से नीचे जहां मलबा डाला जा रहा है, इसके निचले हिस्से पर देवीबगड़ गांव है। बारिश होने पर गांव को खतरा हो सकता है। एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम दानू ने कहा कि अभी सड़क ठीक से खुल नहीं पाई है।
मोड़ पर दो बार वाहन आगे-पीछे कर पास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोनिवि ने मनमाने ढंग से कार्य किया तो विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। अवर अभियंता प्रकाश बुदियाल का कहना है कि सड़क ठीक करने के लिए जेसीबी लगाई गई है। सड़क से मलबा शीघ्र हटाकर यातायात सुचारु किया जाएगा।