पिथौरागढ़। धारचूला विकास खंड के बलुवाकोट के लेक तोक के ग्रामीण दस दिनों से ट्रांसफार्मर फुंकने से परेशान हैं। गांव की महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वह आंदोलन करेंगी।
गांव में लगाया गया ट्रांसफार्मर दस दिन पहले फुंक गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से इसकी शिकायत की। उन्हें अधिशासी अभियंता सीएस बसनेत ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा। संबंधित ठेकेदार को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि ग्रामीण रात में छिलके से रोशनी कर रहे हैं। स्कूली बच्चे इसी रोशनी से पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं में काफी आक्रोश है। खराब ट्रांसफार्मर शीघ्र नहीं बदलने पर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा।