धारचूला (पिथौरागढ़)। महाकाली नदी ने मांगती में जबर्दस्त तबाही मचाई है। मंगलवार रात नदी के जलस्तर को देखते हुए 16 परिवारों ने एक गुफा में सामान शिफ्ट किया, लेकिन नदी के बहाव से गुफा दरक गई और नौ परिवारों का सामान मलबे में दब गया। मांगती में 16 परिवारों ने घर खाली कर दिए हैं।
धारचूला से 45 किमी दूर मांगती में मंगलवार को उफनाई महाकाली ने लोगों के होश उड़ा दिए। नदी के कटाव से आवासीय मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया। भयभीत 16 परिवारों ने मकान खाली कर रातभर मांगती नाले के ऊपर स्थित गुफा में सामान शिफ्ट किया। रात करीब 10 बजे गुफा दरक गई। इससे नारू देवी, गणेश दत्त, नारायण दत्त, ईश्वर दत्त, पूरन दत्त, रमेश दत्त, अंबा दत्त, लीला देवी, देवेंद्र दत्त का गुफा में रखा घरेलू सामान मलबे के नीचे दब गया। ग्राम प्रधान सोबन राम, अनुवाल समुदाय के अध्यक्ष गुमान बिष्ट ने बताया कि इन परिवारों ने सुरक्षित स्थान पर शरण ले रखी है।
एसडीएम आरके पांडेय का कहना है कि मांगती के उक्त 16 परिवार विस्थापितों की सूची में हैं। इन परिवारों को तांकुल में सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया जाएगा। उन्होंने राजस्व उप निरीक्षक जीवन गर्ब्याल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सोहन लाल को फिलहाल इन परिवारों को पांगला और तांकुल में सुरक्षित संस्थान पर ठहराने के निर्देश दिए हैं।