मदकोट (पिथौरागढ़)। मदकोट क्षेत्र में मंगलवार रात भर हुई मूसलाधार बारिश से गोरी नदी उफान पर आ गई। मदकोट बाजार में गोविंद सिंह झेक्वाण की जलेबी की दुकान गोरी नदी में समा गई। कस्बे के लक्ष्मण मर्तोलिया, भवान सिंह धामी, राजेंद्र कठायत, गंगा सिंह, चंद्र सिंह सेलाल के मकानों को खतरा पैदा हो गया है।
मकानों के जमींदोज होने की आशंका को देखते हुए इन लोगों ने पहले ही घर खाली कर लिए हैं। पूर्व में आपदा की चपेट में आया मदकोट का नारकी गांव पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। धाम सिंह कुंवर, तेज सिंह, ठाकुर सिंह, जीत सिंह और चंचल सिंह अन्य स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं। लगातार हो रही बारिश से आपदा प्रभावित गांवों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गोरी नदी से हो रहे कटाव के कारण लोग भयभीत हैं।