पिथौरागढ़। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बीएएमएस आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों में 250 प्रतिशत शुल्क बढ़ाने के विरोध में प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि सरकार गरीबों को मेडिकल शिक्षा से वंचित करने का षड्यंत्र रच रही है।
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव दीपक तिवारी दीनू के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। तिवारी ने कहा कि आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेजों में 250 फीसदी शुल्क बढ़ाना छात्र-छात्राओं के साथ अन्याय है। छात्र नेता निखिल सार्की, शुभम कार्की ने कहा कि यदि सरकार शुल्क बढ़ोतरी वापस नहीं लेती है तो सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
छात्र नेता मुकेश जोशी, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष मनीष सामंत ने कहा कि यह छात्र हितों के साथ खिलवाड़ है। प्रदर्शन में पवन उप्रेती, रोहन जोशी, पवन शर्मा, विवेक पंत, मुकेश कुमार, अनिल सिंह खाती, हरीश सिंह, सुभाष पांडेय, धीरज सार्की आदि मौजूद थे।