मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी-नंदादेवी मार्ग पर गुमसैन के पास एक पर्यटक का वाहन कीचड़ में फंसने से इस मार्ग पर तीन घंटे तक जाम लग गया। कोलकाता के पर्यटन निरंजन दास अपने परिवार सहित नंदादेवी मार्ग की तरफ घूमने जा रहे थे। शुक्रवार सुबह 11 बजे उनका वाहन मुनस्यारी से एक किलोमीटर आगे कीचड़ में फंस गया।
बताया गया कि मुनस्यारी-नंदादेवी मार्ग एक साल से खराब हालत में है। थोड़ी सी बारिश या फिर पाला गिरने से ही इसमें कीचड़ हो जाता है। सड़क का निर्माण लोनिवि के एडीबी खंड ने किया था। पर्यटक ने कीचड़ में फंसे वाहन को निकलवाने के लिए प्रशासन और विभाग को भी सूचना दी, लेकिन उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा।
इतने बेहतरीन पर्यटन स्थल की सड़कों की हालत को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई है। कहा है कि यहां की सड़कों पर छोटी-मोटी बाधाएं किसी भी दशा में नहीं आनी चाहिए। बाद में पर्यटक ने खुद ही धक्का देकर अपने वाहन को कीचड़ से बाहर निकाला।
वहीं, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश रावत ने कहा कि नंदादेवी मार्ग की हालत बेहद खराब है। लोनिवि को शीघ्र इसकी मरम्मत करनी चाहिए। एसडीएम विवेक प्रकाश ने कहा कि सड़क की दशा सुधारने के लिए लोनिवि को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।