मदकोट (पिथौरागढ़)। यहां छोरीबगड़ गांव में पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। इस गांव के लिए बनी पेयजल लाइन आपदा के दौरान टूट गई थी। विभाग को अभी तक पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए पैसा नहीं मिला है। इस कारण जल संस्थान पेयजल योजना की मरम्मत नहीं कर पा रहा है। गांव के 40 परिवार पेयजल के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों की ओर से जल संस्थान के अधिकारियों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया है।
छोरीबगड़ निवासी आनंद सिंह टोलिया ने बताया कि नलों में पानी न आने के कारण लोगों को तीन किलोमीटर दूर प्राकृतिक स्रोत से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अब स्रोतों में भी पानी कम होने लगा है। इस कारण मुसीबत बढ़ने लगी है। गांव के लोगों ने धारचूला के उपजिलाधिकारी आरके पांडे को पत्र देकर कहा है कि यदि जल्दी पेयजल सप्लाई बहाल नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। एसडीएम ने जल संस्थान के अधिकारियों से कहा है कि पेयजल योजना की मरम्मत के लिए तत्काल कदम उठाएं। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्दी ही पेयजल सप्लाई बहाल हो जाएगी।