मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मदकोट से जोशा, ढूनामानी, इमला, कनलका के लिए बनी सड़क पर जोशा से चौना के लिए बन रही सड़क का मलबा गिरने से बंद हो गई है। जोशा-चौना सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग कर रहा है, जबकि मदकोट-कनलका सड़क की देखरेख की जिम्मेदारी पीएमजीएसवाई के पास है। खास बात यह है कि लोनिवि लगातार सड़क निर्माण के समय निकला मलबा पीएमजीएसवाई की सड़क पर फेंकता जा रहा है, लेकिन पीएमजीएसवाई के किसी अधिकारी ने अब तक लोनिवि को नोटिस तक नहीं भेजा है।
जोशा निवासी पुष्कर सिंह ने बताया कि सड़क पर लगातार पत्थर और मलबा गिर रहा है। इस कारण पैदल चलने में भी खतरा बना है। वहीं, यातायात बंद होने से लोग परेशान हैं और उनको गांव तक जरूरी सामान ले जाने में भी कठिनाई हो रही है।
इधर, पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल का कहना है कि मलबा साफ करने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क पर यातायात बनाए रखने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल दो विभागों की लापरवाही का खामियाजा गांव के लोग भुगत रहे हैं।