पिथौरागढ़। कुमौड़ में शुक्रवार को ऐतिहासिक हिलजात्रा निकाली जाएगी। हिलजात्रा में दो वर्ष के विराम के बाद 42 वर्षीय यशवंत महर फिर से लखियाभूत बनेंगे। यशवंत के गर्दन में दर्द है, लेकिन आस्था के सामने उनको इस दर्द की कोई परवाह नहीं है। वह कहते हैं कि हिलजात्रा आयोजन समिति ने इस बार उनको ही हिलजात्रा के मुख्य पात्र लखियाभूत की जिम्मेदारी सौंपी है और इसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। वह शुक्रवार अपरान्ह चार बजे कुमौड़ से ऐतिहासिक मैदान में उतरकर लोगों को आशीर्वाद देंगे।
यशवंत महर ने 1994 से 2014 तक लगातार हिलजात्रा में लखियाभूत की भूमिका निभाई थी। बाद में आयोजन समिति ने तय किया कि अब युवाओं को भी यह मौका दिया जाना चाहिए। 2015 और 2016 में नीरज महर को लखियाभूत की जिम्मेदारी दी गई, लेकिन इस बार नीरज महर के परिवार में अशुद्धि होने के कारण वह लखियाभूत का पात्र नहीं बन पाएंगे। इस स्थिति से निपटने के लिए आयोजन समिति की बैठक हुई और यशवंत महर के अनुभव को देखते हुए उन्हें फिर से लखियाभूत बनने के लिए कहा गया। यशवंत कहते हैं कि ईश्वर की कृपा से शक्ति मिल जाएगी और वह इस भूमिका को बखूबी निभाएंगे।
इधर, हिलजात्रा महोत्सव की व्यापक तैयारी की जा रही है। हिलजात्रा के समय विभिन्न भूमिकाओं में आने वाले रोपाई लगाने वाले, गल्या बल्द (आलसी बैल), बैलों की जोड़ी, लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करने वाली टोली का चयन कर लिया गया है। पूरी आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी है। हिलजात्रा के समय कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत समेत अन्य लोग मौजूद रहेंगे। पुलिस और प्रशासन ने हिलजात्रा के दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। आयोजन के दौरान कुमौड़ से जाखनी के बीच ट्रैफिक बंद रहेगा।
बजेटी और रोड़ीपाली को तीन को हिलजात्रा
जिला मुख्यालय से सटे बजेटी गांव और विण विकासखंड के रोड़ीपाली गांव में तीन सितंबर को हिलजात्रा का आयोजन होगा। बजेटी हिलजात्रा समिति के अध्यक्ष नवीन सेठी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत और विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती होंगे। रोड़ीपाली में हिलजात्रा आयोजन समिति के दिनेश बसेड़ा, गजेंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार हिलजात्रा का आयोजन भव्य होगा।