अस्कोट (पिथौैरागढ़)। पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र में आने वाली ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने मुआवजा, विस्थापन के मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। 13 ग्राम प्रधानों ने मांगों को लेकर थाने में प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष के माध्यम से प्रशासन को मांगपत्र भेजा।
जोग्यूड़ा के प्रधान राम सिंह बिष्ट के नेतृत्व में थाने पहुंचे ग्राम प्रधानों ने बांध प्रभावितों की मांगों को लेकर नारेबाजी की। थानाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ खान को सौंपे ज्ञापन में कहा गया कि प्रभावितों को दस गुना मुआवजा, सर्किल मूल्य से मुआवजे का भुगतान होना चाहिए। मकान, दुकान, जमीन, पेड़ आदि का दस गुना मुआवजा प्रभावितों को देने के साथ ही प्रत्येक प्रभावित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, बांध निर्माण से पहले विस्थापन का कार्य शुरू करने, हल्द्वानी, हरिद्वार, देहरादून में प्रभावितों को विस्थापित कराने की मांग की है। विस्थापन स्थल पर स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि ज्ञापन एसडीएम को भेजा जा रहा है। प्रदर्शन में सांवलीसेरा की प्रधान देवकी देवी, तीतरी की प्रधान कंचना देवी, सिलोनी की प्रधान माधवी देवी, घिंघरानी की प्रधान निर्मला देवी, द्वालीसेरा के प्रधान पद्म सिंह, पंतसेरा की प्रधान हेमलता देवी, अमतड़ी के प्रधान मान सिंह, बथौली की प्रधान कलावती देवी, औलतड़ी के प्रधान पूरन जोशी, पीपली के प्रधान जीवन सिंह, ड्योड़ा की प्रधान मंजू देवी, स्यूबन के प्रधान विशन भंडारी शामिल थे।