पिथौरागढ़। स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन ने अगस्त क्रांति दिवस (9 अगस्त) की तैयारी शुरू कर दी है। संगठन ने अगस्त क्रांति दिवस को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है।
संगठन के अध्यक्ष केडी भट्ट की अध्यक्षता में नगरपालिका हाल में हुई बैठक में तय हुआ कि अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर स्वाधीनता सेनानियों, उत्तराधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। संगठन ने कुटुम्ब पेंशन के प्रपत्र एसडीएम कार्यालय पिथौरागढ़ और डीडीहाट में शीघ्र जमा करने समेत कई मांगें उर्ठाई। संगठन ने सेनानियों की पौत्री के विवाह के लिए 50,000 रुपये की धनराशि देने का शासनादेश निर्गत करने का प्रस्ताव पास किया। सेनानियों के तीन पीढ़ी तक के पात्रों को जिला पंचायत, नगर पंचायत क्षेत्र पंचायत में नामित करने की मांग की।
स्वतंत्रता दिवस, गांधी जयंती, 26 जनवरी के साथ ही विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों में सेनानी परिवारों को आमंत्रित करने, जिला पंचायत, नगर पंचायत, ब्लॉक मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों का नामकरण स्वतंत्रता सेनानियों के नाम से करने की मांग की। तय हुआ कि अगस्त क्रांति दिवस में जनप्रतिनिधियों के साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में संगठन के सचिव मनोहर सिंह खाती, वरिष्ठ उपाध्यक्ष केएस दिगारी, पवन सिंह खाती, दीवान सिंह वल्दिया, रमेश चंद्र शर्मा, नारायण सिंह दशौनी, विक्रम सिंह दिगारी, विद्यासागर पांडे आदि मौजूद थे।