‘माधो सिंग भंडारी’ नाटक का मंचन एक और दो को होगा
पिथौरागढ़। भाव राग ताल नाट्य अकादमी संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के व्यक्तिगत प्रस्तुति अनुदान के तहत एक और दो जुलाई को ‘माधो सिंग भंडारी’ नाटक की प्रस्तुति करेगी। नाट्य मंचन की तैयारियां जोरों पर हैं। कलाकार इसके लिए अभ्यास कर रहे हैं।
टिहरी रियासत के सेनापति माधो सिंग भंडारी ने 16वीं शताब्दी में मलेथा (टिहरी) गांव में चट्टानों को काटकर गूल का निर्माण कराया था। पानी का रुख मलेथा गांव की ओर मोड़ दिया था। पानी से वंचित मलेथा की भूमि सिंचित हो उठी थी। उनकी गाथा के आज भी पूरे राज्य में सम्मान के साथ चर्चे होते हैं। नाटक की पटकथा और गीत उभरते हुए लेखक, कवि डा. अनिल कार्की ने लिखे हैं। संगीत संरचना धीरज कुमार ने की है। नाटक का निर्देशन कैलाश कुमार, सह निर्देशन प्रीति रावत ने किया है। माधो सिंह भंडारी नाट्य मंच को पर्वतीय लोक गीत, लोक संगीत को संरक्षित करने की दिशा में बेहतरीन प्रयास माना जा रहा है।
नाटक में अनीता बिटालू, रोहित यादव, दीपा बिष्ट, गीता वर्मा, सूरज सिंह, दीपक मंडल, अक्षय पंत, तरुण वर्मा, राज किशोर उस्ताद, मनोज थापा, नानू बिष्ट, उमेश कुमार, कुंडल कुमार, डिगरदीप, जय प्रकाश चौखियाल अभिनय कर रहे हैं। राजकीय संग्रहालय में नाटक की प्रस्तुति की जाएगी। नाटक निर्देशक कैलाश कुमार ने कहा कि नाटक लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ने में कामयाब रहेगा।