मतदान के लिए स्वदेश रवाना हो गए नेपाली नागरिक
पिथौरागढ़। पड़ोसी देश नेपाल के पश्चिमांचल में 28 जून को होने वाले निकाय और पंचायत चुनाव को देखते हुए पिथौरागढ़ नगर में काम करने वाले कई नेपाली नागरिक अपने देश को रवाना हो गए हैं। पिथौरागढ़ में हजारों की संख्या में नेपाल के लोग काम करते हैं। नेपाली मजदूरों के चुनाव के लिए स्वदेश चले जाने के कारण यहां पर इन दिनों लोगों को काम करने के लिए मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं।
बताया गया कि 26 जून से भारत-नेपाल सीमा के सील होने की सूचना पर ज्यादातर लोग पहले ही अपने देश को निकल गए हैं। इस समय ट्रांसपोर्टरों, बड़े व्यापारियों एवं मकान का निर्माण करा रहे लोगों को मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं। नेपाल के मजदूरों की वापसी इस माह के अंत तक ही हो पाएगी।
नेपाल के पश्चिमांचल के सभी जिलों में 28 जून को मतदान होगा। इधर, जानकारी मिली है कि कुछ मजदूर शनिवार को यहां से रवाना होंगे। बैतड़ी जिले के निवासी झूलाघाट के रास्ते और दार्चुला जिले के निवासी जौलजीबी, बलुवाकोट, धारचूला, तिकड़म झूलापुलों से नेपाल को जाते हैं।