झूलाघाट(पिथौरागढ़)। मलबे की चपेट में आकर पेयजल योजना की पाइप लाइन टूटने गौरीहाट समेत चार गांवों में जल संकट गहराया हुआ है। ग्रामीणों को प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाकर प्यास बुझानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने जल संस्थान से शीघ्र योजना की मरम्मत करने की मांग की है।
झूलाघाट मोटर मार्ग के गौरीहाट सहित लमतड़ा, सुरमोड़ा और भटेड़ी को पानी की सप्लाई करने वाली ढोलखोली योजना तीन दिन से क्षतिग्रस्त है। इसके चलते ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तीन पहले हुई बारिश के दौरान आए मलबे से पेयजल योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसे अभी तक सुचारु नहीं किया जा सका है।
लोग वाहनों में तीन किमी दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।
महिलाएं कपड़े, बर्तन आदि धोने के लिए भी पुराने पानी के स्रोत का सहारा ले रहे हैं। व्यापार संघ महासचिव नरेंद्र सिंह धारियाल और ग्रामप्रधान चंद्रकला देवी ने जलसंस्थान के अधिकारियों से शीघ्र क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत किए जाने की मांग की है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार का कहना है कि उन्हें योजना के क्षतिग्रस्त होने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सोमवार को टीम भेजकर पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाएगी।