बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पशुपालन विभाग की ओर से क्वैराली में विकास खंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया। इसमें रोजाना 16 लीटर दूध देने वाली हिम्मत सिंह की गाय को चैंपियन घोषित किया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख रेखा भंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा पशुपालकों के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं लेकिन प्रचार-प्रसार के अभाव में उनका लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने योजनाओं का लाभ पशुपालकों तक पहुंचाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पीके जोशी ने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पशु चिकित्साधिकारी प्रणय अग्रवाल, राजेश पाठक, मंजू असवाल, नवीन ने नस्ल सुधार और पशु पोषण की जानकारी दी। इस मौके पर गाय वर्ग हिम्मत की गाय प्रथम, बसंती देवी की गाय दूसरे, हयात सिंह की तीसरे स्थान पर रही। बछिया वर्ग में ललित मोहन की बछिया प्रथम हरीश सिंह, राधिक देवी की बछिया ने दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। भैंसों में गोविंद सिंह की भैंस प्रथम शांति देवी और धन सिंह की भैंस क्रमश: दूसरे, तीसरे स्थान पर रही। इस मौके पर ग्राम प्रधान गंगा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपाल सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। ब्यूरो