पिथौरागढ़। बलुवाकोट को मशरूम उत्पादन के हब के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। बलुवाकोट में प्रतिदिन 30 किलो मशरूम उत्पादन का लक्ष्य है।
मुख्य विकास अधिकारी वंदना की पहल पर उत्तरा समिति खेला ने बलुवाकोट में खाली पड़े सरस बाजार में मशरूम उत्पादन कार्यशाला में चार महिला समूहों और 3 समितियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया। रानीखेत से आए प्रशिक्षक प्रमोद बिष्ट ने मशरूम उत्पादन के गुर सिखाए और इसके व्यावसायिक लाभों से अवगत कराया। उत्तरा समिति खेला के अध्यक्ष कैलाश धामी ने कहा कि समिति के माध्यम से महिलाओं को मशरूम उत्पादन, विपणन में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
जल्द ही ढूंगातोली, कालिका, तवाघाट,पइयां पौड़ी, हाट देहात के लिए मशरूम उत्पादन की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। बताया कि महिला समूहों के सहयोग से स्थानीय उत्पादों को सरस बाजार के माध्यम से बेचने का कार्य इसी माह के अंत से किया जाना है। मशरूम प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत महिला समूहों के सहयोग से 30 किलो मशरूम का प्लांट सरस बाजार के एक कमरे में लगाया गया है। मशरूम उत्पादन से पहल, प्रगति, परिवर्तन, प्रबल महिला आजीविका समूह जुड़े हुए हैं।