झूलाघाट (पिथौरागढ़)। महाकाली नदी के किनारे ग्राम पंचायत तड़ीगांव के टाकुला तोक के लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। गांव के लिए बनी पेयजल योजना आठ माह से बंद पड़ी है। गांव के लोग महाकाली नदी का पानी पीने को मजबूर हैं।
मूनाकोट विकासखंड के टाकुला गांव के लिए पानी की सप्लाई दो किमी दूर से होती है। आठ माह पहले स्थानीय तालाब के सूखने से गांव वालों को पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्राम पंचायत ने योजना को दूसरे स्रोत से जोड़ने के लिए विभाग को एक लाख पचास हजार रुपये का प्रस्ताव दिया था, जिसे वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है विकासखंड कार्यालय द्वारा योजना को दूसरे स्रोत से जोड़ने में बेहद सुस्ती दिखाई जा रही है।
सीमांत क्षेत्रीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश चंद ने बताया कि इस बारे में विभाग को कई बार सूचना दे दी गई है। शीघ्र ही योजना पर काम शुरू नहीं किया जाता तो गांव के लोग आंदोलन करेंगे। सौन पट्टी के ग्राम पंचायत अधिकारी प्रेम सिंह धामी ने बताया कि क्षेत्र के प्रधान को योजना का काम दिया गया है। कुछ दिनों में काम शुरू हो जाएगा।