पिथौरागढ़। सीमांत वसंतोत्सव के दौरान देवसिंह मैदान में लगाए गए स्टाल पर रिंगाल की सामग्री को लोग हाथोंहाथ ले रहे हैं। उत्तरापथ संस्था ने ग्रामीण कारीगरों के माध्यम से यह सामग्री तैयार की है और जलागम परियोजना के सहयोग से स्टाल की स्थापना की।
मुख्य विकास अधिकारी वंदना सिंह ने स्टाल लगाने में सहयोग दिया। रिंगाल की इस सामग्री को पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से देखा जा रहा है। लोगों को इस बात के लिए प्रेरित किया जा रहा है कि वह अपने घरों में प्लास्टिक से बनी सजावटी सामग्री रखने के बजाए रिंगाल से बनी सामग्री को स्थान दें। इनमें घर पर रखने वाला डस्टबिन, रोटी रखने वाली टोकरी, फूलदान, मंदिर ले जाने वाली टोकरी आदि शामिल हैं।
उत्तरापथ संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र पंत ने बताया कि अब तक जितने आयोजनों में भी रिंगाल की सामग्री रखी गई सभी जगह इसके बेहतर परिणाम मिले हैं। स्टाल का संचालन कर रहे पंकज कार्की ने बताया कि वसंतोत्सव के दौरान लाई गई सामग्री दो दिन में समाप्त हो गई थी। अब भी कई लोग इसकी मांग कर रहे हैं। स्टाल शनिवार तक लगा रहेगा।
ध्यान के स्टाल में भी लग रही भीड़
पिथौरागढ़। वसंतोत्सव के दौरान रामचंद्र मिशन की ओर से लगाए एक विशिष्ट स्टाल में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। स्टाल में 19 फरवरी से लेकर अब तक 1500 लोग ध्यान कर चुके हैं। इस स्टाल का नाम हार्टफुलनेस केंद्र रखा गया है। तनाव से मुक्ति पाने के लिए इस प्रयोग को बेहतरीन माना गया है और लोग इसे अपना रहे हैं। केंद्र के प्रभारी पीसी जोशी, प्रशिक्षक पीडी जोशी, राजेश भट्ट, चंद्रपाल बोहरा ने बताया कि इस केंद्र में आने वाले किसी भी व्यक्ति से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। लोग चाहें तो बाद में घर पर भी यह ध्यान कर सकते हैं।
होम डिलीवरी के लिए 2500 हस्ताक्षर
पिथौरागढ़। समाजसेवी मनोज कुमार जोशी ने रसोईगैस की होम डिलीवरी के लिए वसंतोत्सव के दौरान हस्ताक्षर अभियान चला रखा है। अब तक 2500 लोग इस अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर कर चुके हैं। मनोज एक महीने से रसोईगैस की होम डिलीवरी के लिए लगातार अभियान चलाए हुए हैं। 26 जनवरी से उन्होंने इस मुद्दे पर तीन दिन का सत्याग्रह भी किया था। वसंतोत्सव के दौरान रोज हस्ताक्षर अभियान चलेगा।