पिथौरागढ़ में सिनेमा लाइन से हनुमान मंदिर को जाने वाले मार्ग पर सरकारी और निजी भूमि में मलबा डालने के खिलाफ लोगों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने मलबा डालने में रोक न लगाने पर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
सभासद माहरा के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया। जिलाधिकारी सी रविशंकर को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि सिनेमा लाइन से हनुमान मंदिर जाने वाले पैदल मार्ग में रसगंगा के पास पिछले कई दिनों से मलबा फेंका जा रहा है। इससे रास्ता बाधित होने के साथ ही पानी की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। करीब 10 लोगों के घरों को जाने वाली पानी की लाइन को नुकसान पहुंचा है। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सभासद माहरा ने जिलाधिकारी से मलबा फेंकने वालों का पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कहा है कि यदि मलबा फेंकने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई नहीं हुई तो वार्ड के लोगों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने मामले में कार्रवाई की बात कही है। प्रदर्शन करने वालों में धीरज सार्की, निखिल सार्की, महेश कुमार, प्रभा बिष्ट, सीमा देवी, शोभा, चंपा देवी, प्रीति, दक्ष चौहान, हेमा मेहता, देवकी देवी, ऊषा, सीमा आदि शामिल थे।