जिलाधिकारी डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने बैंक खाते से वंचित किसानों के 20 दिसंबर तक हर हाल में खाता खोलने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने खाता खोलने में आनाकानी करने वाले बैंक प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
डीएम ने किसानों को कृषि बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए बुलाई बैठक में कहा कि इस काम में विकास विभाग, कृषि, उद्यान के साथ ही अन्य विभागों के फील्ड कर्मचारियों को लगाया जाएगा, ताकि 31 दिसंबर तक किसान अपनी पुरानी करेंसी को बैंक में जमा कर सकें। डीएम ने कहा कि बारिश नहीं होने से मसूर, गेहूं की फसल के सूखे की चपेट में आने की आशंका है। किसानों की रबी की फसल का 20 दिसंबर तक शत-प्रतिशत बीमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों ने जो फसल बोई है, उसी का बीमा करना होगा। गलत फसल का बीमा कराया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र से आए सहकारी समितियों के सचिवों को किसानों को आर्थिक रूप से मदद करने करने के साथ ही फसल का समय पर बीमा कराने का भी निर्देश दिया।
कहा कि जिले के 21,000 किसानों की रबी फसल का बीमा कराने का लक्ष्य है, यह लक्ष्य 20 दिसंबर तक हर हाल में पूरा हो जाए। मुख्य कृषि अधिकारी अभय सक्सेना ने बताया कि 10,000 किसान क्रेडिट कार्ड के सापेक्ष 6,000 किसान क्रेडिट कार्ड बनाए जा चुके हैं। शेष मार्च तक बना लिए जाएंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान के साथ ही कई अधिकारी मौजूद थे।