पिथौरागढ़/मुनस्यारी। क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश थमने से लोगों को राहत मिली है। ऊंची चोटियों में काफी बर्फबारी से निचले इलाकों में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। नगर में ठंड से बचने के लिए अलाव नहीं जलाए जाने से लोगों में रोष है।
पिछले 28 घंटे से लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश बृहस्पतिवार की रात 11 बजे थम गई। शुक्रवार को बादलों के साथ हल्की धूप खिली रही। थल-मुनस्यारी मार्ग भी वाहनों के लिए खुला है। बलांती बैंड, कालामुनि, बेटुलीधार में सड़क किनारे बर्फ जमा होने से यातायात में दिक्कतें आ रही हैं। बर्फ में वाहन फंस रहे हैैं जिन्हें धक्का देकर निकाला जा रहा है। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान एक डिग्री और अधिकतम 12 डिग्री रहा।
इधर जिला मुख्यालय में सुबह से ही धूप-छांव का खेल चलता रहा। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। दक्षिण-पश्चिम दिशा में अभी घने बादल मंडरा रहे हैं। इससे बारिश की संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में मुनस्यारी में सर्वाधिक 30 एमएम, डीडीहाट और धारचूला में सात-सात एमएम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में गरज वाले बादल सक्रिय हो सकते हैं।