धारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय महाविद्यालय बलुवाकोट में एमए की कक्षाओं का संचालन करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेताओं ने प्रदर्शन किया। इस अवसर पर छात्रों ने कहा कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो नए शिक्षा सत्र में कक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा। प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री पर भी वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
शुक्रवार को धारचूला तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन करते हुए एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दो वर्ष पूर्व बलुवाकोट महाविद्यालय में 2018 के सत्र से एमए की कक्षाओं के संचालन की घोषणा की थी। सत्र समाप्ति की ओर है अभी तक इस घोषणा पर अमल नहीं किया गया है। यहां के छात्र-छात्राएं बीए के बाद अध्ययन के लिए पिथौरागढ़ या नारायणनगर जाने को मजबूर हैं। एबीवीपी के जिला संयोजक पवन धामी ने कहा कि सरकार उच्च शिक्षा में सीमांत की उपेक्षा कर रही है।
छात्र संघ उपाध्यक्ष लक्ष्मी धामी ने कहा कि बार-बार मांग करने के बावजूद छात्रों की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे पूरे सीमांत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में आक्रोश है। प्रदर्शन करने वालों में दीपा जेठा, नीलू धामी, महेंद्र धोनी, पवन सिंह आदि शामिल थे।