धपना की टीम ने गणाईगंगोली में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता लगातार चौथी बार जीत ली है। खिताबी मुकाबले में धपना की टीम ने विश्व एकादश गणाई को पराजित किया। विधायक मीना गंगोला ने खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए धपना ने 15 ओवर में 159 रन बनाए। धपना की ओर से प्रदीप कार्की ने 72 रन और डब्बू ने 8 गेंद में 40 रन की नाबाद पारी खेली। जवाब में विश्व एकादश की टीम 70 रन ही बना सकी। प्रदीप कार्की को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए विश्व एकादश के खिलाड़ी सौरभ को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। बेस्ट ऑल राउंडर का खिताब कुलदीप पथनी को मिला। अनुशासित टीम का पुरस्कार फडियाली को, अनुशासित कप्तान का पुरस्कार गवाड़ी बी के अवधेश पथनी को दिया गया। अंपायर भरत बोरा, इंदर सिंह थे। आंखों देखा हाल विक्की तिवारी, भरत बोरा, त्रिलोक रावत, गौरव कुमार ने सुनाया। विजेता टीम को 25000 और उप विजेता को 12000 रुपये और ट्राफी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि विधायक मीना गंगोला ने कहा कि प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों के खेल कौशल में निखार आता है। विशिष्ट अतिथि जिला योजना समिति के सदस्य गोकुल गंगोला, बबल आर्टिस्ट विक्रम बोरा रोबो थे। आयोजन समिति के अध्यक्ष जसवीर डोबाल, जितेंद्र बोरा ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सभी का आभार जताया। प्रतियोगिता संचालन में मनोज मेहरा, शंकर बोरा, करन डोबाल, भरत डोबाल, प्रिंस डोबाल, रवि डोबाल, अतुल उपाध्याय आदि ने सहयोग किया। प्रतियोगिता में 32 टीमों ने हिस्सा लिया।