डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीएम के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग की ओर से डीडीहाट के वनराजि गांव मदनपुरी में बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया, इसमें वनराजि परिवारों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया।
बहुउद्देशीय शिविर में वनराजि परिवारों ने पेयजल, मार्ग, सरकारी योजनाओं का लाभ देने सहित कई मामले उठाए। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक वनराजि छात्रा जानकी को छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत भी उठाई। इस पर समाज कल्याण अधिकारी ने इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही, जबकि वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह ने छात्रा को अपनी ओर से आर्थिक सहयोग देने की बात कही।
शिविर में विकासखंड, वन विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, बाल विकास, तहसील प्रशासन, शिक्षा विभाग की ओर से मौजूद अधिकारियों ने समस्याएं सुनीं। कई वर्षों से लंबित 10 दावों का भी निस्तारण शिविर में किया गया। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी मदन लाल, खंड विकास अधिकारी एसएस दरियाल, रेंजर अस्कोट राजेंद्र सिंह बिष्ट, स्वास्थ्य विभाग से डॉ.बलवंत मेहरा, लक्ष्मी दत्त, हेम चंद्र जोशी, अनुज कुमार आदि थे।
जिला स्तरीय अधिकारियों के नहीं आने पर रोष
डीडीहाट के वनराजि गांव मदनपुरी में पहली बार आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में जिला स्तर का कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। इस कारण वनराजियों में नाराजगी थी।