मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आशाओं ने मानदेय को लेकर प्रदर्शन किया। आशा वर्कर एसोसिएशन की अध्यक्ष शांति देवी के नेतृत्व में एकत्र आशाओं ने वर्ष 2007 से बिना मानदेय के कार्य कराने का आरोप लगाया। कहा कि 2017 से अब तक का पीएलए और ट्रेनिंग का भुगतान नहीं किया गया है।
आशा प्रोत्साहन राशि दो हजार के स्थान पर मात्र एक हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से एक साल में बारह हजार रुपये ही भुगतान किया गया है। कहा कि जो प्रोत्साहन राशि मिलती थी, वह भी पूरी नहीं दी जा रही है। इन समस्याओं का समाधान न होने पर वे आयुष्मान भारत योजना का कार्य नहीं करेंगी।
आशाओं ने मुख्य चिकित्साधिकारी पिथौरागढ़ को ज्ञापन भेजते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग की है। प्रदर्शन में सती देवी, खिला देवी, मंजू धामी, शांति बृजवाल, तुलसी कोरंगा, देवकी बिष्ट, कमला पांगती आदि शामिल थीं।