थल (पिथौरागढ़)। विधायक विशन सिंह चुफाल ने पूनीगांव के लिए बनने वाली एक किमी लंबी सड़क का शुक्रवार को शिलान्यास किया। सड़क का निर्माण विधायक निधि से किया जाएगा। विधायक चुफाल ने बरसायत के पास भूमि पूजन कर सड़क का काम शुरू कराया। पंडित रघुवर दत्त जोशी ने भूमि पूजन संपन्न कराया।
विधायक ने बताया कि सड़क का निर्माण ग्रामीण विकास विभाग से कराया जा रहा है। सड़क को और बेहतर बनाने के लिए एक साल के भीतर लोनिवि को हस्तांतरित कर दिया जाएगा। सड़क बनने से पूनीगांव के साथ ही धाराकौली, कौली, बरसायत, डुंगरीगाड़ा, सानीखेत, आगर, थौड़ा और चमाली गांव वालों को लाभ होगा। भूमि पूजन के बाद विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं। विधायक ने पूनीगांव में स्थित दो घराटों को विधायक निधि से पुनर्जीवित कराने और गांव में सफाई के लिए एक सीमेंट का बड़ा कूड़ादान बनाने की घोषणा की।
इस दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अवर अभियंता मोहन चंद्र जोशी, भाजपा कार्यकर्ता देवराज सत्याल, सुनील सत्याल, सांसद प्रतिनिधि कमल कन्याल, कनिष्ठ प्रमुख नरेंद्र देउपा, गणेश राम, कल्याण सिंह बसेड़ा, पूरन सिंह खड़ायत, मोहन सिंह बसेड़ा, दुर्गा सिंह बसेड़ा, हीरा सिंह बसेड़ा आदि मौजूद थे।