पिथौरागढ़। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए हिंदी गीतों का सहारा लिया है। पुलिस का एक वाहन गीतों के जरिये सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दे रहा है। इसके साथ ही नगर के हर तिराहे और चौराहे पर वाहन चालकों को पर्चे बांटे गए।
इसके अलावा रोडवेज स्टेशन पर बसों के चालक-परिचालकों को जागरूक किया। केएमओयू स्टेशन पर टैक्सी चालकों को एकत्र कर यातायात नियमों के बारे में बताया गया। पुलिस ने चालकों को ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड, नशा करने और वाहन चलाते समय मोबाइल के प्रयोग पर डीएम निरस्त करने की चेतावनी भी दी। एसपी अजय जोशी के निर्देशन में यह अभियान सप्ताह भर जारी रहेगा।
सीओ शेखर सुयाल ने बताया कि सप्ताह के तहत पुलिस स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम संचालित करेगी। छात्रों को यातायात नियमों की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इस दौरान यातायात प्रभारी दरबान सिंह, सिपाही हेमराज बोहरा, विपिन बोहरा, जगदीश मारकोना आदि थे।
दो बाइकें सीज
सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान थल में चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब पीकर बाइक चला रहे चालकों को पकड़ा। इनके वाहन मौके पर ही सीज कर दिए गए। थानाध्यक्ष हेम चंद्र पंत ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में वाहन सीज कर दिए गए हैं। इसके साथ ही दो बाइक चालकों के चालान भी काटे। पुलिस ने प्रेशर हार्न का इस्तेमाल न करने की हिदायत भी दी। एसओ ने बताया कि प्रेशर हार्न मिलने पर वाहन का चालान किया जाएगा।