पिथौरागढ़। कलक्ट्रेट, विकास भवन, अस्पताल और स्कूलों में सेनेटरी नेपकिन वेडिंग मशीन लगेंगी। इन मशीनों से महिलाएं सस्ती दरों पर गुणवत्तायुक्त नेपकिन खरीद सकेंगी। इसके साथ ही नेपकिन इंसिनेरेटर मशीन भी लगाई जाएगी। इससे इस्तेमाल किए नेपकिन का उचित निस्तारण होगा। जिले में इस योजना पर काम शुरू हो गया है।
फिल्म पैडमैन की थीम से प्रभावित होकर प्रशासन ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों के साथ ही बालिका विद्यालयों में वेडिंग और इंसिनेरेटर मशीन लगाने की योजना तैयार की है। इसके तहत शुरुआती चरण में कलक्ट्रेट, विकास भवन, जिला महिला अस्पताल, जिला अस्पताल के साथ ही 15 बालिका विद्यालयों में वेडिंग और इंसिनेरेटर मशीन लगाने का काम शुरू हो गया है।
प्रशासन से इसके लिए सभी संस्थाओं और स्कूलों को बजट जारी कर दिया है। इन केंद्रों पर महिलाएं और छात्राएं महज तीन रुपये की कीमत पर नेपकिन खरीद सकेंगी। इसके साथ ही इंसिनेरेटर मशीन में इस्तेमाल हुए नेपकिन को डिस्पोज किया जाएगा। बाद में प्रशासन अधिक महिला कर्मचारियों वाले अन्य सरकारी कार्यालयों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर ही इस तरह की मशीनें लगाएगा।
पिथौरागढ़ जीजीआईसी में लगी मशीन
गंगोत्री गर्ब्याल बालिका इंटर कॉलेज में सेनेटरी नेपकिन और इंसिनेरेटर मशीन लगाई गई है। जिले के अन्य 14 विद्यालयों में मशीनें लगाने का काम चल रहा है। दूसरे चरण में प्रशासन अन्य बालिका विद्यालयों में भी मशीनें लगाएगा।
शुरुआती चरण में प्रमुख सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और बालिका विद्यालयों में योजना बनाई गई है। इस योजना से महिलाओं में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। बाद में अन्य सरकारी संस्थानों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर भी वेडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। -वंदना सिंह, सीडीओ, पिथौरागढ़