पिथौरागढ़। बीसाबजेड़ की जिला पंचायत सदस्य गोदावरी देवी ने क्षेत्र की कई समस्याओं को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने जिला पंचायत क्षेत्र की सड़कों को ठीक करने, ओलावृष्टि से फसलों का मुआवजा दिलाने आदि की मांग की।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि रई से मड़खड़ायत, सातशिलिंग से घुनस्यारीगांव, मढ़सिलोली, थल सातशिलिंग, नैनीपातल मड़मानले, लछैर चिराली और कठपतिया चौपाता मार्ग बेहद दयनीय स्थिति में पहुंच गए हैं। चार अप्रैल को हुई ओलावृष्टि से धौलकांडा, बंदा, गौछ, अखूली, मड़मानले, गलात, खर्कदोली, चिराली, सौड़खेल, मझेड़ा, बीसाबजेड़ समेत कई गांवों में गेहूं, मसूर समेत मौसमी सब्जियों को जबरदस्त नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा बीसाबजेड़ के कई मंदिरों में लगी सोलर लाइटें काफी समय से खराब चल रही हैं। इससे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है।