थल (पिथौरागढ़)। थल से लेजम तक 1999 में बनकर तैयार हुई चार किलोमीटर लंबी सड़क की दशा सुधारने की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्र के लोगों ने लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस सड़क की दुर्दशा का मामला 30 दिसंबर को यहां लगे जिले के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल के जनता दरबार में भी उठा था। मंत्री ने लोनिवि को 15 दिन के भीतर सड़क की दशा सुधारने के निर्देश दिए, लेकिन विभाग ने अब तक कोई काम नहीं किया है।
लोगों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, पानी के निकास के लिए नालियां नहीं बनाई गई हैं, सड़क के तीव्र ढलानों को ठीक नहीं किया गया है। बारिश के मौसम में बंद रहने वाली इस सड़क से क्षेत्र की जनता को कोई फायदा नहीं मिल पाया है। लोगों ने कहा कि अब तक सड़क पर न तो डामर किया गया है और न ही नालियों का निर्माण किया गया है।
लोगों ने लोनिवि को चेतावनी दी कि यदि तीन दिन में सड़क की दशा सुधारने का काम शुरू नहीं हुआ तो गांव के लोग लोनिवि कार्यालय के सामने अनशन शुरू कर देंगे। गांव के गिरीश पुनेठा और विनोद पंत ने कहा कि सड़क की दशा सुधारने के साथ-साथ इसके निर्माण में हुई गड़बड़ी की जांच भी की जानी चाहिए। प्रदर्शन में जीत बहादुर चंद, हीरा चंद, बालादत्त पुनेठा, दयाकृष्ण पाठक, गणेश दत्त पुनेठा, हरीश कुमार, नवीन लोहनी, पूरन राम आदि शामिल हुए।