पिथौरागढ़। भारतीय यूथ बालिका बॉक्सिंग टीम के मुख्य प्रशिक्षक भाष्कर चंद्र भट्ट का पिथौरागढ़ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। भट्ट ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ की विश्व महिला मुक्केबाजी में भारतीय बॉक्सिंग टीम का कुशल नेतृत्व किया था। जिला ओलंपिक संघ, जिला बॉक्सिंग संघ एवं जिला खेल कार्यालय द्वारा भट्ट को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
भट्ट नौ वर्षों से भारतीय सीनियर महिला बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक और यूथ महिला बॉक्सिंग टीम के मुख्य प्रशिक्षक नियुक्त हैं। उनके नेतृत्व में भारतीय यूथ बालिका बॉक्सिंग टीम ने 19 से 26 नवंबर तक गुवाहाटी में आयोजित यूथ विश्व महिला मुक्केबाजी में पांच स्वर्ण, दो कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने नेतृत्व में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई बार राज्य को स्वर्ण पदक जीत चुका है।
इनके पिता डॉ. टीआर भट्ट नगर के सिनेमा लाइन में रहते हैं। भट्ट के स्वागत के समय अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर कैप्टन धरम चंद, जिला बॉक्सिंग संघ के उपाध्यक्ष चंद्रशेखर महर, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग खिलाड़ी कैप्टन देवी चंद, वरिष्ठ फुटबाल खिलाड़ी मनोज कुमार पुनेठा, पूर्व बॉक्सिंग खिलाड़ी जगदीश पांडेय, सहायक अध्यापक निरंजन पांडेय आदि मौजूद थे।